सुलतानपुर जिले में सेवा कार्यों के लिए समर्पित सामाजिक संस्था अद्वैत फॉउंडेशन चैरिटेबल ट्रस्ट ने दिव्यांग बच्चों और वयस्कों को मिठाइयाँ, चॉकलेट और टॉफियां देकर उन्हें खुशी बाँटी। ट्रस्ट के मैनेजर अनूप कुमार मिश्रा ने रूरल इंफोर्मेटिव एंड सोशल हार्मोनी अकादमी द्वारा संचालित एडल्ट ग्रुप होम ‘घरौंदा’ (मानसिक मंदित आश्रयगृह) जाकर दिव्यांग बच्चों तथा वयस्क दिव्यांगजनों को मिठाइयां, चॉकलेट और टॉफियाँ वितरित कीं। अद्वैत फॉउंडेशन ट्रस्ट के चेयरमैन आनंद सावरण ने मानसिक मंदित आश्रयगृह की संचालिका रिशा वर्मा के दिव्यांगजनों के प्रति अहर्निश सेवा भाव की सराहना की। उन्होंने कहा कि अद्वैत फॉउंडेशन ट्रस्ट दिव्यांगजनों को स्वावलंबी बनाने के लिये हर कदम पर साथ है। हालही में अद्वैत फॉउंडेशन ट्रस्ट को दिव्यांगजनों हेतु प्रदान की गई सेवाओं के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री द्वारा सम्मानित भी किया गया है। ट्रस्ट सदैव ही शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सेवा में स्थानीय प्रशासन तथा अन्य सामाजिक कार्यकर्ताओं के साथ रहा है। अद्वैत फॉउंडेशन ट्रस्ट दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग उत्तर प्रदेश द्वारा पंजीकृत संस्था है, जो कि दिव्यांगता के विभिन्न प्रकारों जैसे आत्मकेंद्रित होना, सेरेब्रल पाल्सी, मानसिक मंदता वाले व्यक्तियों के कल्याण के लिए कार्य करने के लिए कृतसंकल्पित है। ट्रस्ट द्वारा संचालित स्पेक्ट्रम ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स के शिक्षण संस्थानों में सीबीएसई का इंटर कॉलेज, आई.टी.आई एवं फॉर्मेसी कॉलेज अपना योगदान दे रहे हैं। इस अवसर पर आश्रयगृह के सभी कर्मचारी और अद्वैत फॉउंडेशन ट्रस्ट के सदस्य एवं विशेष शिक्षक संघ के मंडल अध्यक्ष मनीष दुबे व अन्य सदस्य उपस्थित रहे।