
सुल्तानपुर-अमेठी-सुल्तानपुर विधान परिषद क्षेत्र से नामांकन करने वाले भाजपा व सपा प्रत्याशी करोड़पति हैं। सोमवार को नामांकन में प्रत्याशियों की ओर से दाखिल हलफनामे से संपत्ति का खुलासा हुआ है। भाजपा से नामांकन करने वाले निवर्तमान एमएलसी शैलेंद्र प्रताप सिंह के पास डेढ़ लाख नकदी समेत 60 लाख 10 हजार की चल संपत्ति है। इसमें जेवरात व बैंक बैलेंस आदि शामिल है। उनकी पत्नी इंद्रा सिंह के पास 95 हजार नकदी समेत 16 लाख 23 हजार की चल संपत्ति है।
स्नातक शिक्षित भाजपा प्रत्याशी के पास करीब साढ़े चार करोड़ व उनकी पत्नी इंद्रा सिंह के पास करीब एक करोड़ 10 लाख की अचल संपत्ति है। भाजपा प्रत्याशी पर तीन मुकदमे भी दर्ज हैं। सपा से नामांकन करने वाले पूर्व कैबिनेट मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति की बहू शिल्पा प्रजापति भी करोड़पति हैं। उनके पास नकदी समेत करीब एक करोड़ 66लाख व उनके पति अनिल प्रजापति के पास करीब नौ करोड़ 73लाख रुपये की चल संपत्ति है। एमए पास शिल्पा प्रजापति के पास एक करोड़ 90लाख रुपये व उनके पति के पास चार करोड़ 80लाख रुपये की अचल संपत्ति है।