​सुल्तानपुर। तहसील सदर के जन सूचना पटल (RTI) पर महीनों से धूल फांक रही फाइलों और आवेदकों की बढ़ती शिकायतों को लेकर उपजिलाधिकारी (एसडीएम) सदर ने अब आर-पार का मूड बना लिया है। काम में ढिलाई और आवेदकों को समय पर सूचना न मिलने की शिकायतों पर कड़ा संज्ञान लेते हुए एसडीएम ने तहसीलदार सदर को सख्त आदेश जारी किया है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया है कि सभी लंबित जन सूचनाओं का तत्काल निस्तारण कर आवेदकों को जानकारी उपलब्ध कराई जाए।
​तहसील के चक्कर काट-काट कर परेशान थे आवेदक
तहसील सदर के जन सूचना पटल से पिछले कई महीनों से आरटीआई के तहत मांगी गई सूचनाएं समय पर नहीं मिल पा रही थीं। विभागीय सुस्ती के चलते आवेदक लगातार तहसील के चक्कर काटने को मजबूर थे। बार-बार गुहार लगाने के बावजूद जब जिम्मेदारों के कान पर जूं नहीं रेंगी, तो परेशान आवेदकों ने सीधे उपजिलाधिकारी सदर के समक्ष पेश होकर इस लापरवाही की शिकायत दर्ज कराई।
​”देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी” — एसडीएम की दो टूक
आवेदकों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम सदर ने तहसीलदार को मामले में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करने का फरमान सुनाया है। एसडीएम ने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी है कि जन सूचना अधिकार (RTI) जैसे महत्वपूर्ण मामलों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन के इस सख्त रुख के बाद अब तहसील महकमे में हड़कंप मच गया है और लंबित फाइलों के जल्द निपटारे की उम्मीद जगी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *