न्यूज डेस्क, अमर उजाला, वाराणसी Published by: स्वाधीन तिवारी Updated Wed, 17 Mar 2021 12:29 AM IST
कंप्यूटर से तेज दिमाग, की-बोर्ड पर उंगलियों की स्पीड देख सब हो जाते हैं हैरान, शिव श्लोक और रामायण है मुंह जुबानी याद….ये हैं काशी की सुपर गर्ल आर्या प्रकाश। पीएम मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी के मंडुवाडीह क्षेत्र के मढ़ौली निवासी आर्या प्रकाश श्रीवास्तव कक्षा एक में पढ़ती है, उसकी उम्र महज साढ़े छ: साल है, लेकिन ज्ञान का भंडार ऐसा की बड़े-बड़े उनकी प्रतिभा देख हैरत में पड़ जाते हैं। काशी व गंगा की संस्कृति और इतिहास के अलावा ऐसी ढेरों जानकारियां हैं, जो आर्या को कंठस्थ हैं। वाराणसी के 21 पुरातन नाम वह इस कदर गिनती है, जिसके बारे में कम ही लोग जानते होंगे।
काशी की गूगल गर्ल है आर्या
महज चंद सेकेंड में काशी के 84 घाटों के नाम गिनाना हो या देश के राज्यों और तमाम धर्म ग्रंथों के संस्कृत के श्लोक। ये सब नन्हीं सी आर्या इमला की तरह बोल देती हैं। स्वामी विवेकानंद, रानी लक्ष्मीबाई, चित्रगुप्त सहित महान विभूतियों के बारे में भी उसको अच्छा ज्ञान है। आर्या काशी के इतिहास के बारे में पूरी जानकारी रखती है, इसलिए वाराणसी के लोग इन्हें गूगल गर्ल के नाम से जानते हैं। आर्या के पिता विवेक श्रीवास्तव कारोबारी हैं और माता लक्ष्मी श्रीवास्तव गृहिणी हैं।