Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
मेरठएक घंटा पहले
- कॉपी लिंक

कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी रविवार को मेरठ में आयोजित किसान महापंचायत को संबोधित करेंगी। फाइल फोटो
उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव प्रियंका गांधी रविवार को मेरठ जिले के कैली गांव में होने वाली जय जवान-जय किसान “किसान महापंचायत” को संबोधित करेंगी। किसान महापंचायत को सफल बनाने के लिए जहां कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र में जनसंपर्क किया वहीं किसान महापंचायत स्थल पर तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। जानकारी के अनुसार, सरधना विधानसभा क्षेत्र के कैली गांव में आयोजित किसान महापंचायत में प्रियंका गांधी मोदी सरकार द्वारा किसानों पर थोपे जा रहे कृषि कानूनों का विरोध करते हुए उन्हें वापस लेने की मांग करेंगी। शनिवार को कांग्रेस जिलाध्यक्ष अवनीश काजला ने रैली स्थल पर तैयारियों को अंतिम रूप दिया।
इस दौरान खुफिया एजेंसियों ने भी पंचायत स्थल पर पहुंच कर सुरक्षा व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव ज़ुबैर अहमद व रोहित गुजर्र ने तैयारियों को देखकर कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा निर्देश दिये।

किसान पंचायत की तैयारियों में जुटे कांग्रेसी कार्यकर्ता और नेता।
कैली गांव में हो रही किसान पंचायत में पहुंचेंगी प्रियंका
कांग्रेस प्रवक्ता हरिकिशन अम्बेडकर ने बताया कि 7 मार्च को दोपहर 12 बजे प्रियंका गांधी कैली गांव में हो रही किसान पंचायत में पहुंचेंगी। जिलाध्यक्ष अवनीश काजला ने कहा कि किसान विरोधी काले कानून मोदी सरकार के ताबूत में आखरी कील साबित होंगे। दावा करते हुए कहा कि प्रियंका गांधी की महापंचायत को लेकर किसानों व आमजनों में बहुत उत्साह हैं।
कांग्रेस प्रवक्ता हरिकिशन अम्बेडकर ने बताया कि महापंचायत में हजारों लोग शामिल होंगे। किसानों को लाने ले—जाने के लिए ब्लाक व न्याय पंचायत अध्यशों की जिमेदारियां तय की गई है। शुक्रवार को भराला, कनौड़ा, रुहासा, दशरथपुर, लोइया, जमाल पुर, सकौती, मटौर, नंगली आदि गांवों में महापंचायत के लिये जनसम्पर्क किया गया।