सुल्तानपुर एक्सप्रेस न्यूज़

कादीपुर से इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहां रोडवेज बस स्टैंड के बाहर से महज एक साल के मासूम को अगवा कर लिया गया। लेकिन कादीपुर पुलिस और सर्विलांस टीम की मुस्तैदी ने इस सनसनीखेज मामले का पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने अपहृत बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया और महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

मासूम को ₹50 हजार में बेचने का सौदा हुआ था। आरोपी बच्चा लेकर मुंबई तक गया, लेकिन सौदा तय न होने पर वापस लौट रहा था, तभी पुलिस ने उसे दबोच लिया।

कैसे हुआ अपहरण?

7 नवंबर 2026 को जौनपुर के सरायख्वाजा थाना क्षेत्र की ककोरहना निवासी रूबीना पत्नी रोशन ने कादीपुर थाने में तहरीर दी। रूबीना ने बताया कि वह अपनी करीब 8 वर्षीय बेटी के साथ कादीपुर रोडवेज बस स्टैंड के बाहर खड़ी थीं। इसी दौरान वह पानी लेने गईं और अपनी 8 वर्षीय बेटी को एक साल के बेटे तौफिक के साथ छोड़ दिया।

जब वह वापस लौटीं तो मासूम तौफिक गायब था। इस सूचना पर कादीपुर थाने में अज्ञात के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज किया गया।

एसपी के निर्देश पर बनीं कई टीमें

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सुल्तानपुर विनीत जायसवाल के निर्देशन में कई पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस और सर्विलांस टीम ने दिन रात एक कर सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्ध महिला की पहचान की।

पुलिस ने सराय कल्याण निवासी उषा पत्नी सीताराम को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में खुला खौफनाक सच

उषा से कड़ाई से पूछताछ के बाद पुलिस मंगरावां स्थित साजिद कार वॉशिंग सेंटर के पास पहुंची, जहां से जितेन्द्र पुत्र सोमई को गिरफ्तार किया गया। जितेन्द्र के कब्जे से एक साल का तौफिक सकुशल बरामद हुआ। साथ ही बच्चे की बिक्री से मिले ₹50,000 नकद भी पुलिस ने बरामद कर लिए।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि 5 नवंबर 2026 को उषा ने कादीपुर के पटेल चौराहे से एक छोटी बच्ची को बहला फुसलाकर उसकी गोद में मौजूद मासूम तौफिक को अगवा कर लिया था। इसके बाद उसने बच्चे को जितेन्द्र को ₹50 हजार में बेच दिया।

जितेन्द्र बच्चे को बेचने के इरादे से मुंबई गया था, लेकिन सौदा तय नहीं हो पाया। इसके बाद वह बच्चे को लेकर वापस लौट रहा था और दोबारा बिक्री की फिराक में था, तभी पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी

  • जितेन्द्र पुत्र सोमई, उम्र करीब 50 वर्ष, निवासी कादीपुर खुर्द, थाना कादीपुर
  • उषा पत्नी सीताराम, उम्र करीब 42 वर्ष, निवासी सराय कल्याण, थाना कादीपुर

पुलिस टीम को ₹25 हजार का इनाम

इस सराहनीय कार्य के लिए पुलिस अधीक्षक ने पुलिस टीम को ₹25,000 के नकद पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की है।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक दीपेन्द्र विक्रम सिंह, उपनिरीक्षक सगीर मुहम्मद, हेड कांस्टेबल राज कुमार शुक्ला, अमित कुमार मिश्रा, वेद प्रकाश यादव, कांस्टेबल पवन जीत यादव और महिला कांस्टेबल खुशबू गुप्ता शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *