सुल्तानपुर एक्सप्रेस – तिरहुत बाजार

बल्दीराय तहसील से बड़ी खबर। एक तरफ उत्तर प्रदेश सरकार गड्ढा मुक्त सड़कों और स्वच्छ भारत का दावा कर रही है, तो वहीं दूसरी तरफ सुल्तानपुर जिले के तिरहुत बाजार के सिसोदिया नगर (ईश्वरी सिंह का पुरवा) में लगभग 50 परिवार पिछले 15 सालों से बदबूदार कीचड़ और टूटी नाली में रहने को मजबूर हैं।

स्थानीय लोगों ने सुल्तानपुर एक्सप्रेस को तस्वीरें भेजकर उत्तर प्रदेश सरकार से गुहार लगाई है।

200 मीटर का सफर बना सजा

तस्वीर में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह खड़ंजा पूरी तरह टूट चुका है और बीच की नाली धंस गई है। नाली का गंदा पानी सड़क पर बह रहा है जिससे पूरे रास्ते में काई और बदबूदार कीचड़ जमा हो गया है।

यह बदहाल रास्ता सत्यनारायण सिंह / जुगराज सिंह सिसोदिया के घर से लेकर अशोक सिंह सिसोदिया के घर तक लगभग 200 मीटर का है। इसी रास्ते से रोजाना छोटे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं का आना-जाना होता है, जिसमें गिरकर चोटिल होने का हमेशा डर बना रहता है।

ग्रामीणों का कहना है कि कई बार प्रधान से लेकर अधिकारियों तक शिकायत की गई, लेकिन आज तक कोई सुनवाई नहीं हुई। बरसात में तो हालात और भी बदतर हो जाते हैं।

योगी सरकार से अपील

सिसोदिया नगर के लोगों ने उत्तर प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन सुल्तानपुर से अपील की है कि इस 200 मीटर के टूटे खड़ंजे और नाली का जल्द से जल्द निर्माण कराया जाए, ताकि 50 परिवारों को इस नरकीय जीवन से मुक्ति मिल सके।

रिपोर्ट – शिवकुमार यादव, संपादक सुल्तानपुर एक्सप्रेस

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *