सुलतानपुर। कादीपुर थाना क्षेत्र के बनकेगांव (जटौली) निवासी ललिता सिंह पत्नी रामचरितर सिंह ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता का कहना है कि मारपीट और जान से मारने की धमकी के बावजूद उनकी FIR दर्ज नहीं की गई, जबकि दूसरे पक्ष की FIR दर्ज कर ली गई। पीड़िता द्वारा दिए गए प्रार्थना-पत्र के अनुसार, 9 नवंबर 2026 को शाम करीब 9 बजे उनका पुत्र शिव कुमार सिंह सुरेश गुप्ता की आटा चक्की से आटा लेकर घर लौट रहा था। आरोप है कि रास्ते में वीरेंद्र सिंह पूर्व प्रमुख के ईंट कारखाने के पास सौरभ सिंह पुत्र विक्रमाजीत सिंह और 4-5 अन्य लोगों ने उसे लाठी-डंडों से पीटा, जिससे उसके सिर, हाथ और सीने में गंभीर चोटें आईं। पीड़िता का आरोप है कि परिजन शिव कुमार को लेकर घर पहुंचे ही थे कि रीना सिंह पत्नी सौरभ सिंह, रौनक सिंह पुत्र राजकुमार सिंह व अन्य लोग घर में घुसकर दोबारा मारपीट और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़िता ने बताया कि आरोपियों से उनकी पुरानी पट्टीदारी रंजिश चल रही है। घटना वाली रात करीब 10 बजे वह कोतवाली कादीपुर रिपोर्ट दर्ज कराने पहुंचीं, लेकिन देर होने का कारण बताकर उस दिन रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। अगले दिन भी थाने में बैठाए रखा गया, लेकिन FIR दर्ज नहीं हुई। इसके बाद पीड़िता ने क्षेत्राधिकारी कादीपुर को शिकायती पत्र दिया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। पीड़िता का आरोप है कि इसी दौरान दूसरे पक्ष की ओर से दिए गए प्रार्थना-पत्र के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया, जबकि उनकी शिकायत पर कार्रवाई नहीं हुई। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि थाने में उसे डांटकर भगा दिया गया। मामले में उसने उच्चाधिकारियों को प्रार्थना-पत्र देकर FIR दर्ज कर उचित कार्रवाई की मांग की है। Post navigation 64 साल बाद रेज़ांगला के अमर शहीदों को सार्वजनिक सम्मान, परिजनों की आँखें हुईं नम