सुलतानपुर। जिले के मतदाताओं के लिए महत्वपूर्ण खबर है। यदि अभी तक आपका नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है या वोटर लिस्ट में नाम, पता अथवा अन्य विवरणों में कोई गलती है, तो उसे ठीक कराने का अच्छा मौका है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान-2027 के तहत 28 और 29 नवंबर 2026 को जिले में विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जाएंगे।

जिला निर्वाचन अधिकारी की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, दोनों दिनों में जिले के सभी मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल अधिकारी (BLO) सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक मौजूद रहेंगे। इस दौरान मतदाता सूची में नाम शामिल कराने, पहले से दर्ज विवरणों में संशोधन कराने और अपात्र मतदाताओं के नाम हटवाने के लिए आवेदन लिए जाएंगे।

फॉर्म-6 से जुड़वाएं मतदाता सूची में अपना नाम

प्रशासन के अनुसार, 17 नवंबर 2026 को प्रकाशित आलेख्य मतदाता सूची में जिन पात्र नागरिकों का नाम शामिल नहीं है, वे फॉर्म-6 भरकर मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं।

वहीं, मतदाता सूची में पहले से दर्ज नाम, पता या अन्य विवरणों में सुधार के लिए फॉर्म-8 तथा किसी अपात्र या मृतक मतदाता का नाम हटवाने के लिए फॉर्म-7 के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है।

सभी मतदान केंद्रों पर मिलेगी सहायता

मतदाताओं की सुविधा के लिए सभी मतदान केंद्रों पर हेल्प डेस्क की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा जनपद स्तर पर हेल्पलाइन नंबर 1950 के माध्यम से भी मतदाता अपनी समस्याओं का समाधान और जरूरी जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।

युवाओं और महिलाओं से की गई अपील

जिला निर्वाचन अधिकारी ने विशेष रूप से युवाओं और महिलाओं से अपील की है कि वे मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांच लें। यदि वे मतदान के लिए पात्र हैं और उनका नाम सूची में शामिल नहीं है, तो निर्धारित फॉर्म भरकर पंजीकरण कराएं।

इस अभियान का मुख्य उद्देश्य आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 से पहले मतदाता सूची को अधिक शुद्ध और अद्यतन बनाना है, ताकि कोई भी पात्र नागरिक अपने मतदान के अधिकार से वंचित न रहे।

ऐसे में यदि आपके परिवार में किसी सदस्य का नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है या उसमें कोई त्रुटि है, तो 28 और 29 नवंबर को अपने नजदीकी मतदान केंद्र पर पहुंचकर बीएलओ से संपर्क करें।

सुलतानपुर की हर छोटी-बड़ी खबर के लिए जुड़े रहिए सुलतानपुर एक्सप्रेस न्यूज़ के साथ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *