लम्भुआ, सुल्तानपुर। उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले के लम्भुआ में एक दर्दनाक रेल हादसे में भारतीय सेना के जवान की जान चली गई। बेगमपुरा एक्सप्रेस ट्रेन से गिरने के बाद जवान का शव रेलवे ट्रैक पर मिला। घटना की खबर मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई, वहीं जवान के परिवार में चीख-पुकार मच गई।

जानकारी के मुताबिक, लम्भुआ रेलवे स्टेशन से करीब 200 मीटर पश्चिम पोल संख्या 894/6 और 894/7 के बीच रेलवे ट्रैक पर एक युवक का शव पड़ा मिला। मृतक की पहचान अनूप कुमार यादव (34 वर्ष), पुत्र महेश यादव, निवासी ग्राम अनपरा औरी, दुद्धी, जनपद सोनभद्र के रूप में हुई है।

बताया जा रहा है कि अनूप कुमार यादव भारतीय सेना की 17वीं बटालियन राजपूत रेजीमेंट में तैनात थे। उनकी तैनाती तिवरी, गुरदासपुर (पंजाब) में थी। वह छुट्टी लेकर अपने घर लौट रहे थे और बेगमपुरा एक्सप्रेस से वाराणसी होते हुए सोनभद्र जा रहे थे। इसी दौरान लम्भुआ के पास वह ट्रेन से गिर गए और उनकी दर्दनाक मौत हो गई।

बताया यह भी जा रहा है कि मृतक जवान सोनभद्र के पूर्व चेयरमैन के भतीजे थे।

घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की। पुलिस ने परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी है।

देश की सेवा में तैनात जवान की असमय मौत की खबर से परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। जिस घर में जवान के आने का इंतजार हो रहा था, वहां अब मातम पसरा हुआ है।

फिलहाल जीआरपी पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *