सुल्तानपुर। किशोरी के अपहरण और दुष्कर्म से जुड़े करीब 14 साल पुराने मामले में फास्ट ट्रैक कोर्ट प्रथम ने बड़ा फैसला सुनाया है। अदालत ने आरोपी राजेश कोरी को दोषी करार देते हुए आठ साल के कठोर कारावास और कुल 13 हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई है। अदालत ने दोषी को सजा भुगतने के लिए जेल भेजने का आदेश दिया है। एफटीसी प्रथम कोर्ट के न्यायाधीश विजय कुमार गुप्ता की अदालत ने शुक्रवार को यह फैसला सुनाया। एडीजीसी-क्रिमिनल दान बहादुर वर्मा ने बताया कि अदालत ने उपलब्ध साक्ष्यों और सुनवाई के आधार पर आरोपी को दोषी ठहराया। 2012 में दर्ज हुआ था मुकदमा मामला धम्मौर थाना क्षेत्र के एक गांव का है। पीड़िता की मां ने 6 अप्रैल 2012 को स्थानीय थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। शिकायत के मुताबिक, उस समय 16 वर्षीय किशोरी होली के त्योहार पर अपने ननिहाल गई थी। आरोप था कि इसी दौरान अमेठी जिले के पीपरपुर थाना क्षेत्र के कस्तूरीपुर गांव निवासी राजेश कोरी अपने सहयोगियों की मदद से किशोरी को बहला-फुसलाकर अपहरण कर ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने दाखिल की थी चार्जशीट मामले में पुलिस ने आरोपी राजेश कोरी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विवेचना की और आरोप पत्र अदालत में दाखिल किया। इसके बाद मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट प्रथम में हुई। लंबी सुनवाई के बाद अदालत ने आरोपी को अपहरण और दुष्कर्म के अपराध में दोषी करार दिया। शुक्रवार को अदालत ने उसे आठ साल के कठोर कारावास और 13 हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई। 14 साल पुराने इस मामले में अदालत के फैसले के बाद दोषी को जेल भेजने का आदेश दिया गया है। Post navigation सुल्तानपुर में टीएचआर प्लांट संचालित करने वाली महिलाओं की बढ़ी मुश्किलें, भुगतान में देरी और बकाया राशि को लेकर जिलाधिकारी से लगाई गुहार